Home » Blog » लालसोट शहर के गणगौर बाजार पार्किंग में खड़ी कार में अचानक लगी आग, शहर में मचा हड़कंप, दमकल कर्मियों ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

लालसोट शहर के गणगौर बाजार पार्किंग में खड़ी कार में अचानक लगी आग, शहर में मचा हड़कंप, दमकल कर्मियों ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

Facebook
Twitter
WhatsApp

लालसोट शहर के गणगौर बाजपार्किंग में खड़ी कार में अचानक लगी आग, शहर में मचा हड़कंप, दमकल कर्मियों ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

लालसोट शहर के गणगौर बाजार के समीप शुक्रवार को एक पार्किंग में खड़ी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार से उठते धुएं के गुबार ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। समय रहते दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार पुराने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्थित पार्किंग में खड़ी एक कार में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ती गई और कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने धुआं उठता देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल लालसोट पुलिस और नगर परिषद को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और नगर परिषद के कार्मिक मौके पर पहुंचे। आग लगने के बाद कार से धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और भीड़ को नियंत्रित किया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी मौके के लिए रवाना हुई। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर अतिक्रमण और भारी भीड़ के बीच दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके तक पहुंचाया।

फायरमैन गौरव पारीक और खलील खान ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पानी की बौछार कर उसे पूरी तरह नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से रुक गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *