लालसोट में श्यामपुरा रोड पर सूने मकान का ताला तोडक़र नकदी और लाखों के जेवरात पार, सीसीटीवी में कैद हुए तीन चोर

लालसोट. शहर के श्यामपुरा रोड़ पर कृपा सागर बालाजी के पीछे स्थित शुभम् विहार कालोनी में में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण पार कर लिए। वारदात की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना को लेकर राजेंद्र प्रसाद मीना पुत्र रामपाल मीना, निवासी भारमल का बॉस, श्यामपुरा ने प्राथमिकी देते हुए कहा कि उसका भाई रमेश चन्द मीना 21 अगस्त को अपने मकान में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए हुए थे। इस दौरान रात में तीन अज्ञात बदमाशों ने घर के मुख्य गेट, कमरों और अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोरों ने अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद, 1 जोड़ी सोने के टॉप्स, 1 सोने का लॉकेट, नाक की बाली, 1 जोड़ी चांदी की पायजेब, चांदी के हथफूल, 1 चांदी की कनकती, और चांदी की चुटकियां समेत अन्य सामान चुरा लिया। घटना का पता 26 अगस्त को उस समय चला जब वापस लौटे किरायेदारों ने ताले टूटे होने की सूचना पीड़ित के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजनों ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चेक की, जिसमें तीन युवक ताले तोड़ते और चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात चारों की तलाश शुरू कर दी है
