लालसोट व रामगढ पचवारा में आशा सहयोगिनियों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय पर नारेबाजी, सौपा ज्ञापन

लालसोट. आशा सहयोगिनियों ने मानदेय बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को लालसोट व रामगढ़ पचवारा उपखण्ड कार्यालयों पर नारेबाजी व प्र्रदर्शन करते हुए अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री नाम एक ज्ञापन सौंपा। दोनो ही ब्लाक में कार्यरत दर्जनों आशा सहयोगिनी महिलाएं नारेबाजी करते हुए ज्ञापन देने के लिए पहुंची। ज्ञापन में आशा सहयोगिनियों ने बताया कि वे जमीनी स्तर पर जनसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी पूर्ण और निष्ठापूर्वक भागीदारी निभाती हैं, इसके बावजूद वे कई सुविधाओं और उचित मानदेय से वंचित हैं,राज्य में कार्यरत समस्त आशा सहयोगिनियों को संविदा रूल्स 2022 के दायरे में लाया जाए, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए,बढ़ती महंगाई को देखते हुए आशाओं का मासिक मानदेय 24 हजार रुपए प्रति माह किया जाए,सेवा निवृति के उपरांत पांच लाख की एकमुश्त सहायता राशि तथा 5 हजार रुपएच प्रति माह पेंशन का प्रावधान किया जाए, आगामी ए.एन.एम. भर्तियों में अनुभवी आशा सहयोगिनियों को 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाए, मासिक मानदेय टुकड़ों में न आकर हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे एक साथ उनके बैंक खाते में जमा किया जाए, उन्हे केवल मूल स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कार्य ही करवाए जाएं और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यों से उन्हें मुक्त रखा जाए।
