लालसोट मालेश्वर महादेव में शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, गाजे बाजे के साथ निकाली मंगल कलश यात्रा

लालसोट. शहर के गोबरिया पाड़ा स्थित प्राचीन श्री मालेश्वरनाथ महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद सोमवार से त्रिदिवसीय शिव पंचायत मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान 17 जून तक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन सोमवार सुबह गाजे-बाजे के साथ भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। सोमवार सुबह घाटेश्वरनाथ महादेव मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद मंगल कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई गोबरिया पाड़ा स्थित मालेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंची। क्षेत्र में तेज गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। 501 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भजनों पर नृत्य करते हुए यात्रा निकाली। कलश यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया।
