लालसोट के मेधावी विद्यार्थियों ने की दिल्ली की हवाई यात्रा, बढ़ा आत्मविश्वास

लालसोट. खटवा गांव निवासी युवा समाजसेवी धर्मेंद्र कुमार मीणा द्वारा प्रारंभ की गई रणजीत हवाई योजना के तहत क्षेत्र के चार मेधावी विद्यार्थियों ने जयपुर से नई दिल्ली तक की हवाई यात्रा की। इस अनूठी और प्रेरणादायी पहल ने न केवल ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को जीवन में पहली बार हवाई यात्रा का अविस्मरणीय अवसर प्रदान किया, बल्कि उनके मन में बड़े सपने देखने और उन्हें हकीकत में बदलने का अटूट आत्मविश्वास भी जगाया। इस विशेष यात्रा के लिए क्षेत्र के उन मेधावी और प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया गया जिन्होंने अपनी मेहनत से खास मुकाम हासिल किया है। योजना के तहत हवाई यात्रा का गौरव पाने वाले विद्यार्थियों में अमित मीणा पुत्र मीठालाल मीणा, निवासी श्यामपुरा, मंजू गुर्जर पुत्री पुखराज गुर्जर, निवासी खटवाकी ढाणी, देवली, नेहा मीणा पुत्री मीठालाल मीना एवं प्रिया बैरवा पुत्री हरकेश बैरवा ने जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों से लेकर दिल्ली के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं ऐतिहासिक स्थलों का सफर किया।
