लालसोट एसडीएम ने किया पंचायत समिति एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण, दो दर्जन अधिकारी व कार्मिक मिले अनुपस्थित

लालसोट. एसडीएम विजेंद्र कुमार मीना ने मंगलवार सुबह 9.45 बजे पंचायत समिति एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों कार्यालयों में लगभग दो दर्जन अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उपखंड अधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा समयपालन एवं कार्य के प्रति उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी तीन बार अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध राजस्थान सेवा नियमों के अनुसार आरोप-पत्र (चार्जशीट) जारी कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन के कार्यों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
