राहुवास कस्बे में पानी की टंकी पर चढी विवाहिता, पति पर दहेज प्रताडऩा व दूसरी शादी के आरोप, 8 घंटेे बाद नीचे उतरी


लालसोट. राहुवास कस्बे में रविवार सुबह एक विवाहिता पानी की टंकी पर चढ गई। महिला के पीहर पक्ष ने महिला के पति पर दूसरी शादी करने एवं दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप लगाए है। करीब 8 घंटे तक इस हाई वोल्टेज प्र्रकरण में दोपहर एक बजे काफी समझाईश के बाद यह विवाहिता पानी की टंकी से नीचे उतरी, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। राहुवास थानाधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह उन्हे सूचना मिली थी कि एक विवाहिता अनिता उर्फ अंगूरी मीना पुत्री मीठालाल मीना उम्र 29 वर्ष निवासी भराव,बहरावण्डा हनुमान मंदिर के सामने स्थित पानी की टंकी पर चढी हुई है, इस महिला की शादी सन 2017 में राहुवास निवासी धनराज पुत्र भरतलाल मीना के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि इस बारे में जानकारी मिली है कि लंबे समय से दोनो के बीच अनबन थी, धनराज द्वारा इस महिला को साथ नही रखा जा रहा था और अब अन्य महिला से शादी कर रहा है, विवाहिता के पीहर पक्ष को सूचित कर दिया गया है। महिला की ओर से पूर्व में पुलिस को किसी भी तरह की शिकायत भी नही दी गई है,पति द्वारा दूसरी शादी करने के बारे में ग्रामीणों से ही जानकारी मिली है।थानाधिकारी ने बतायी कि महिला के ससुराल पक्ष से भी संपर्क नही हो रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर नांगल राजावतान डिप्टी एसपी दीपक मीना, तहसीलदार महेश शर्मा, गिरदावर हरिनारायण मीना ग्र्राम पंचायत प्रशासक मोतीलाल मीना भी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अनिता के भाई सीताराम मीना ने बताया कि पहले तो पति ने उसकी बहिन को नौकरी की तैयारी के लिए घर भेज दिया, नौकरी लगने के बाद 15 लाख रुपए दहेज के लिए मांगने लगा,उसके बाद बहिन को मारपीट कर घर छोड़ दिया,कल पति धनराज की जयपुर में लग्न की रस्म हो गई है और 25 मई शादी है।
महिला ने दर्ज कराया मुकदमा
थानाधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया कि महिला अनिता मीना ने पति धनराज मीना, ससुर भरतलाल, सास समेत अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज कराया गया है, पुलिस ने महिला ने महिला के बयान दर्ज किए है, प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
