राष्ट्रीय लोक अदालत में 292 प्रकरणों का निस्तारण

लालसोट. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को तालुका विधिक सेवा समिति मुख्यालय पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी समझौते से निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋतु चंदानी की बैंच द्वारा कुल 235 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 71 लाख 49 हजार 732 रुपए के अवार्ड पारित किए गए। इसी प्रकार वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-02 मधु शर्मा की बैंच द्वारा 57 प्रकरणों में 28 लाख 28 हजार 422 रुपए का समझौता कराया गया। तालूका विधिक सेवा समिति के सचिव अशोक कुमार मीना ने बताया कि इसके अलावा लोक अदालत में राजस्व प्रकृति के 220 लंबित प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया। वहीं प्री-लिटिगेशन श्रेणी के बैंक रिकवरी एवं बिजली बिल भुगतान संबंधी मामलों में 6 लाख 23 हजार 589 रुपए के समझौते हुए। राष्ट्रीय लोक अदालत में एसबीआई बैंक, यूको बैंक, राजस्थान ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों एवं बिजली विभाग के प्रतिनिधी भी मौजूद रहे।
