रामगढ़ पचवारा से चोरी हुई सुपारी के 28 बैग बरामद, यूपी से खरीदार गिरफ्तार, ड्राइवर दिलशाद की तलाश जारी, एक करोड़ की सुपारी व कंटेनर चोरी का मामला

लालसोट. रामगढ पचवारा थाना पुलिस ने कंटेनर से चोरी हुई सुपारी के मामले में शेष 28 बैग (कुल वजन 1960 किलोग्राम) उत्तर प्रदेश के पलिया लखीमपुर खीरी से बरामद कर लिए हैं । बरामद किए गए माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है । पुलिस ने इस मामले में चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी अमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाधिकारी मदनलाल के अनुसार 23 जून को पलवल (हरियाणा) निवासी परिवादी अख्तर पुत्र जसरुद्दीन मेव ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके कंटेनर पर ड्राइवर नूंह मेवात निवासी दिलशाद 17 जून नागपुर से सुपारी के बैग भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था,19 को उसने अमराबाद रेस्ट एरिया में अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर में भरी सुपारी को दूसरे कंटेनर में शिफ्ट कर दिया और माल सहित कंटेनर को गायब कर दिया। 28 जून को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कानपुर (यूपी) से आरोपी एक शाबीर खां को गिरफ्तार कर माल बरामद किया था । इसके बाद एक अन्य आरोपी ताजर को गुरुग्राम (हरियाणा) से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया था,मुख्य आरोपी ड्राइवर दिलशाद और उसके अन्य साथियों की तलाश अभी जारी है।
