रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस ने चोरी हुआ डम्पर किया बरामद, आरोपियों की तलाश जारी

लालसोट. रामगढ पचवारा थाना पुलिस ने जनवरी माह में चोरी हुए एक डम्पर को बरामद करने में सफलता हासिल की है । थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि गत 23 जनवरी को परिवादी सांवलराम ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा कि 22 जनवरी की रात को सोनड़ गांव से उसका डम्पर चोरी हो गया। प्रकरण दर्ज कर उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया । पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर जाल बिछाया, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चोरी किए गए डम्पर को पलवल-फरीदाबाद रोड पर सिलानी चौराहा के पास से जब्त कर लिया । हालांकि, आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है । डम्पर बरामदगी करने वाली इस विशेष टीम में हैड कांस्टेबल निहालसिंह एवं कांस्टेबल रोहिताश की विशेष भूमिका रही।
