मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के रूप में शीला मीणा ने संभाला लालसोट का कार्यभार, शिक्षा की गुणवत्ता एवं नामांकन वृद्धि को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

लालसोट, 8 जुलाई। संयुक्त शासन सचिव, राजस्थान सरकार द्वारा जारी 138 शिक्षा अधिकारियों की तबादला सूची के तहत मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) शीला मीणा का स्थानांतरण सीबीईओ बसवा से सीबीईओ लालसोट किया गया है। वहीं लालसोट में कार्यरत सीबीईओ सत्यनारायण मीणा को बसवा में पदस्थापित किया गया है।
बुधवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लालसोट में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान शीला मीणा ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, मंत्रालयिक कर्मचारियों एवं अन्य कार्मिकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों में नामांकन वृद्धि, शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से लालसोट ब्लॉक की शैक्षिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ब्लॉक की शैक्षिक रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार के लिए योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण, नवाचारों को बढ़ावा, नियमित मॉनिटरिंग तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना उनकी कार्यशैली का प्रमुख आधार रहेगा। शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शीला मीणा के नेतृत्व में लालसोट ब्लॉक शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां अर्जित करेगा तथा विभागीय कार्यों में और अधिक गति एवं गुणवत्ता आएगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, बिहारी लाल वर्मा, आरपी अभिनंदन त्रिवेदी, सुनील जैन, वीरेंद्र जैन, राजीव गौतम, वंकेश कुमार मीणा, संतोष मीणा, सर्वेश पारीक, मयंक शर्मा, चंद्रप्रकाश जोंलिया, प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा, रत्तीराम मीणा, अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश पुरोहित, नाथूलाल मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष हनुमान प्रसाद शर्मा, बदराम मीणा, विमलेश शर्मा, गोविंद शर्मा, विष्णु कुमार शर्मा, योगेंद्र शर्मा, अमन शर्मा राजपूर्ण, अभिषेक शर्मा सहित प्रधानाचार्य संघ, अखिल भारतीय शैक्षिक राष्ट्रीय महासंघ, मंत्रालयिक कर्मचारी, कार्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
