बीलका में जिला स्तरीय सेमी शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, रोमांचक मुकाबले में आभानेरी ने मारी बाजी, मेजबान बीलका की टीम रही उप विजेता

लालसोट. बिछ्या ग्राम पंचायत गांव बीलका में आयोजित जिला स्तरीय सेमी शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेल और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में आभानेरी की टीम ने मेजबान बीलका की टीम के खिलाफ बेहद रोमांचक संघर्ष में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ बीती रात्रि को गांव के राजकीय उ‘च प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान में थानाधिकारी मदन लाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए थानाधिकारी ने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेल अनिवार्य हैं। उन्होंने युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रहकर अनुशासन व भाईचारे के साथ जीवन में आगे बढऩे का संदेश दिया। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला सोमवार सुबह मेजबान बालाजी क्लब बीलका और आभानेरी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, इस रोमाचंक मैच में आभानेरी ने 21-20 के सूक्ष्म अंतर से जीत हासिल की।
