बजरी परिवहन माफिया के खिलाफ कार्रवाई, बजरी से भरे 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली व रेकी में जुटी बाइक जब्त, 4 गिरफ्तार

लालसोट. पुलिस द्वारा जारी विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बजरी परिवहन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अलसुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं रेकी में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल जब्त की है तथा मामले में 4 आरोपियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी हरलाल ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा तथा वृत्ताधिकारी सुरेंद्र सिंह के निकटतम सुपरविजन में गठित विशेष पुलिस टीम ने बुधवार अलसुबह पुलिस जाब्ते के साथ बजरी परिवहन के संभावित क्षेत्रों और मार्गों पर अचानक चेकिंग व नाकेबंदी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध बजरी से भरी 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर जब्त किया गया, इसके साथ ही बजरी के अवैध परिवहन के दौरान पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने (रेकी करने) में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। पुलिस ने अवैध बजरी खनन, परिवहन और इसमें सहयोग करने वाले 04 व्यक्तियों को पुलिस ने शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने बताया कि अवैध बजरी परिवहन के संबंध में 3 अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच और अन्वेषण शुरू कर दिया है।
