नशे से मुक्ति और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण का दिया संदेश, लालसोट में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

लालसोट. विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ के तत्वाधान में कोथून रोड स्थित आदिवासी मीणा छात्रावास में कार्यक्रम का आयोजन करते हुए बालिका शिक्षा को बढावा देने के साथ समाज से नशे से मुक्ति और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण का दिया संदेश दिया गया। सेवा निवृत आईएएस बृजमोहन मीणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम मीना में समाज के उत्थान के लिए विभिन्न विषयों पर मंथन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित के साथ की गई एवं छात्रावास परिसर में पौधरोपण भी किया गया। छात्रावास निर्माण कमेटी अध्यक्ष बृजमोहन मीणा ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिका छात्रावास के निर्माण और उसकी प्रगति के बारे में जानकारी दी। पीसीसी सदस्य कमल मीणा ने समाज में शिक्षा के प्रसार और आपसी एकता पर बल दिया, वहीं भाजपा जिला प्रवक्ता सतपाल मीणा ने शिक्षा के साधनों को सुलभ और उन्नत बनाने के तरीकों पर जोर दिया। सीबीईओ शीला मीणा ने आदिवासी बालिकाओं व महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा युवाओं को प्राइवेट बिजनेस और स्टार्टअप्स की ओर प्रेरित करने की बात कही। सरपंच संघ अध्यक्ष हेमराज मीणा ने युवाओं को नशे की बढ़ती लत से बचाने और उन्हें रोजगार के नए अवसरों की ओर प्रोत्साहित करने की आवश्यकता जताई। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने, समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने और नई पीढ़ी को उच्च शिक्षित बनाने का संकल्प लिया।
