जिला कलक्टर ने किया लालसोट नगर परिषद द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

लालसोट. जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं सेवा काउंटरों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा पात्र व्यक्तियों तक अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की 16 स्वीकृतियां जारी की गईं तथा 4 पट्टों का वितरण सहित विभिन्न समस्याओं का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की। जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी विजेंद्र मीणा एवं नगर परिषद आयुक्त नवरत्न शर्मा को निर्देश दिए कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और शिविरों को जनहित के प्रभावी माध्यम के रूप में सफल बनाएं।
