गांव को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया

लालसोट. उपखंड क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में ‘मिशन हरियाला राजस्थान’ के तहत एक विशाल एवं सघन वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। पर्यावरण संरक्षण की इस अनूठी पहल के अंतर्गत विद्यालय के खेल मैदान, परिसर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 600 छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए जाएगें। पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के इस संकल्प की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य फैलीराम मीणा एवं शिक्षकगणों की मौजूदगी में की गई। पौधारोपण के दौरान केवल पौधे लगाने पर ही जोर नहीं दिया गया, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने पूरे विद्यालय परिसर और गांव को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों में नियमित रूप से पानी देने तथा उन्हें आवारा मवेशियों व पशुओं से सुरक्षित रखने के लिए जिम्मेदारियाँ भी तय की गईं। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण बंशी लाल जैमन, रामू गोठवाल, नेतराम मीना, मुकेश मीणा किराड़ी, रविकांत, दयाराम बैरवा, कज़ौड़ प्रजापत सहित कई ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने पौधे रोपकर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। प्रधानाचार्य फैलीराम मीणा ने बताया कि पेड़-पौधे ही हमारी आने वाली पीढ़ी का सुखद भविष्य हैं। यदि हम आज इनकी देखभाल करेंगे, तो आने वाले समय में गाँव का वातावरण स्वच्छ और शुद्ध रहेगा।
