एक करोड़ की चोरी हुई सुपारी को पुलिस ने कानपुर से किया बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

लालसोट.रामगढ पचवारा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अमराबाद रेस्ट ऐरिया से गत दिनों करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की चोरी की गई सुपारी के मामले में पुलिस ने उत्तरप्र्रदेश के कानपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस दो कंटेनर भी बरामद किए है। पुलिस के अनुसार, 23 जून को पलवल (हरियाणा) निवासी परिवादी अख्तर ने रामगढ़ पचवारा थाने में मामला दर्ज कराया था कि उनका कंटेनरनागपुर से सुपारी के बैग भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, जिसे चालक दिलशाद चला रहा था । 19 जून को अमराबाद रेस्ट एरिया में ड्राइवर दिलशाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर में भरी सुपारी को दूसरे कंटेनर में पलटी कर दिया और माल सहित कंटेनर लेकर गायब हो गया। प्रकरण दर्ज होने पर रामगढ़ पचवारा थानाधिकारी मदन लाल के नेतृत्व में विशेष टीमों ने साइबर सेल की मदद से घटनास्थल के आसपास और हाईवे पर करीब 600 किलोमीटर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दूसरे कंटेनर की पहचान की गई। पुलिस उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित आचार्य नगर (थाना रायपुरवा) पहुँची, वहाँ से पुलिस ने आरोपी शाबिर खां (उम्र 39 वर्ष, निवासी पलवल, हरियाणा) को पकड़ा एवं उसके कब्जे से चोरी की गई सुपारी के 285 बैग (कुल वजन 19,950 किलोग्राम, कीमत करीब 1 करोड़ रुपये) बरामद किए, इसका साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया कंटेनर भी मौके से जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि चोरी गया मूल कंटेनर पुलिस ने कुस्तला, सवाई माधोपुर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी शाबिर खां से पूछताछ की जा रही है,अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
