इंस्टाग्राम पर ठगी और म्यूल बैंक अकाउंट सप्लाई करने वाले 2 साइबर ठग गिरफ्तार, लालसोट थाना पुलिस की कार्रवाई

लालसोट. थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम के जरिए साइबर ठगी करने वाले तथा कमीशन पर ‘म्युल’ बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी हरलाल मीना ने बताया कि आरोपी रिंकू मीना (22 वर्ष) निवासी भगवतपुरा अपने मोबाइल फोन में इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिलाओं के शरीर को फिट करने के प्रोडक्ट (बॉडी फिटनेस प्रोडक्ट) उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था और ठगी की राशि सीधे अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी रिंकू मीना के खिलाफ राजस्थान और उत्तर प्रदेश में साइबर ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज हैं। उसके कब्जे से स्मार्टफ़ोन जप्त किया गया है। कमीशन पर देता था थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दिनेश मीना (23 वर्ष) निवासी नगरियावास को गिरफ्तार किया है, दिनेश साइबर ठगों को कमीशन के आधार पर म्युल (किराए/फर्जी) बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जिनमें साइबर ठगी की रकम डलवाई जाती थी। थानाधिकारी ने बताया कि पूछताछ और अनुसंधान पूरा होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।
