अग्रवाल समाज की बैठक आयोजित, सामाजिक एकता और नगर परिषद चुनाव में भागीदारी पर दिया जोर

लालसोट.स्थानीय अग्रवाल सेवा सदन में अग्रवाल समाज एवं अग्रवाल युवा मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र गर्ग ने की। इस अवसर पर समाज हित एवं संगठन की मजबूती को लेकर विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि जिला अग्रवाल सम्मेलन की वार्षिक बैठक का आयोजन इस बार स्थानीय लालसोट इकाई में ही आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही, आगामी नगर परिषद चुनाव को ध्यान में रखते हुए उपस्थित पदाधिकारियों ने समाज के लोगों का मार्गदर्शन किया। बैठक में अग्र बंधुओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने स्थानीय वार्डों में पार्षद पद हेतु अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, साथ ही, समाज की एकजुटता और अखंडता का परिचय देते हुए प्रत्येक अग्र बंधु को एकजुट होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मंत्री राजेश गोयल, गिरीश अग्रवाल, युवा अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने भी विचार प्र्रकट किए।
