कम्युनिटी कनेक्ट कार्यक्रम:बच्चों का जन्मदिन मनाया, माताओं की प्रतियोगिताएं आयोजित लालसोट के डिडवाना गांव की धाकड़ा ढाणी स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम राजकीय स्कूल में बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल में संचालित बाल वाटिका की प्री प्राइमरी कक्षाओं के लिए कम्युनिटी कनेक्ट कार्यक्रम रखा गया।
संस्था प्रधान राजेश कुमार शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज को स्कूल से जोड़ने का माध्यम है। इससे छोटे बच्चों की माताओं की स्कूल में भागीदारी बढ़ती है। कार्यक्रम में जुलाई माह में जन्मे बच्चों का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान केक काटा गया। बच्चों और अभिभावकों को फल, टॉफियां और अल्पाहार वितरित किए गए। जन्मदिन वाले बच्चों को विशेष उपहार दिए गए।
माताओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें ड्राइंग, म्यूजिकल चेयर, लेमन रेस और मेहंदी प्रतियोगिता शामिल थीं। निर्णायक मंडल में अध्यापिका मनीषा शर्मा, तरूशी शर्मा व सुरेंद्र मीणा थे।
कार्यक्रम के दौरान प्री प्राइमरी कक्षाओं में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। बाल वाटिका प्रभारी रोहिताश शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। संस्था प्रधान ने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने का आग्रह किया।
