50 महिला कांवड़ियों ने गंगाजल से किया घाटेश्वर नाथ का अभिषेक, डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-गाते निकली भव्य कांवड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत-सत्कार

लालसोट। श्रावण मास में भगवान शिव की भक्ति का रंग शुक्रवार को लालसोट में देखते ही बना। घाटेश्वर नाथ महादेव महिला मित्र मंडल के तत्वावधान में पचास महिला कांवड़ियों का जत्था ब्याई माता से पवित्र गंगाजल कांवड़ में लेकर घाटेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचा। डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-गाते और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए महिला कांवड़ियों ने शहर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली।
ब्याई माता से पवित्र गंगाजल लेकर रवाना हुई महिला कांवड़ियों का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अल्पहार करवाकर स्वागत-सम्मान किया। इसके बाद कांवड़ियों का जुलूस शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए घाटेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचा। मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिला कांवड़ियों ने पवित्र गंगाजल से भगवान घाटेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान घाटेश्वर नाथ महादेव महिला मित्र मंडल की सदस्य लक्ष्मी चौबे, ममता चौबे, मधु कोटखावदा, रुक्मणी शर्मा, मुस्कान चौबे सहित पचास महिला कांवड़ियों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा के दौरान शंकर गुर्जर, विजय गुर्जर और नरेश रडबा की ओर से महिला कांवड़ियों के लिए अल्पहार की व्यवस्था की गई।
कांवड़ यात्रा के दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं में शिवभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
