शिशु को शुरुआती छह माह तक केवल माँ का दूध जरुर पिलाएं , जिला अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन

लालसोट. विश्व स्तनपान सप्ताह के मौके पर शुक्रवार को राजकीय जिला चिकित्सालय में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और स्तनपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार सेहरा के मार्गदर्शन तथा एमसीएच विंग प्रभारी डॉ. लक्ष्मी चंद मीणा के निर्देशन में प्रसूताओं को स्तनपान से जुड़ी जानकारी दी। उप नियंत्रक डॉ. अनुराग दैमन ने बताया कि चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों द्वारा स्तनपान प्रोत्साहन की सामूहिक शपथ ली गई एवं पूरे अस्पताल परिसर में स्तनपान जागरूकता से जुड़े पोस्टर व प्रचार-प्रसार सामग्री प्रदर्शित की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रविन्द्र सिंह चौहान ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिशु के जन्म के तुरंत बाद प्रथम घंटे में स्तनपान शुरू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने शिशु को शुरुआती छह माह तक केवल माँ का दूध देने और उसके बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेश शर्मा ने शिशुओं के बेहतर शारीरिक व मानसिक विकास में माँ के दूध की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने माताओं को सही स्थिति सही तकनीक और स्तनपान कराने के बाद शिशु को डकार दिलाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर जरूरी परामर्श दिया। जागरुकता कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर उर्मिला, सविता और आरती ने स्तनपान के प्रति जागरूकता को लेकर प्रसूताओं को संबोधित किया।
