गांगल्यावास विद्यालय मेें विधायक रामबिलास मीणा ने किया तीन कक्षा कक्षों का लोकार्पण

लालसोट. रामगढ पचवारा क्षेत्र के गांगल्यावास गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक रामबिलास मीणा ने समसा (समग्र शिक्षा अभियान) योजना के तहत 24.95 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित तीन कक्षा-कक्षों का विधिवत लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामबिलास मीणा ने कहा कि “शिक्षा ही किसी भी क्षेत्र के विकास का मूल आधार है। विद्यार्थियों को जब एक बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिलता है, तो उनका पठन-पाठन में मन और अधिक लगता है। इन नए कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की समस्या दूर होगी और उन्हें पढऩे में काफी सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार और हमारी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।”विधायक मीणा ने विद्यालय की अन्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिसर में एकल बिंदु लगवाने की भी घोषणा की। इससे पूर्व गांगल्यावास गांव पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने विधायक रामबिलास मीणा का साफा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने नए कमरों की सौगात मिलने पर विधायक का आभार व्यक्त किया। लोकार्पण समारोह में पूर्व प्रधान परसराम मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष लड्डूराम मीणा, मंडल अध्यक्ष श्रीफूल मीणा, मंडल महामंत्री भगवान सहाय, शंकर लाल नोरंगपुरा, मुकेश हाडोत्या, मीरा देवी, ओमप्रकाश बैरवा, आर.के. गांगल्यावास एवं जगदीश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
