रामगढ़ पचवारा आखिरकार रामपति को मिला न्याय, शराबी पति द्वारा बेची गई जमीन पुन: पत्नी के नाम हुई पंजीकृत


तहसीलदार के समक्ष हुई रजिस्ट्री और मिला न्याय
लालसोट. रामगढ़ पचवारा क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री विवाद आखिरकार शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया है। तहसीलदार रवि प्रकाश गुप्ता ने जानकारी दी कि क्रेता बोदूराम मीना ने बुधवार को शराबी पति श्योपाल द्वारा बेची गई जमीन की रजिस्ट्री पुन: उसकी पत्नी रामपति मीना के नाम करवा दी है। रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्ष स्वयं तहसील कार्यालय में उपस्थित हुए, जहाँ प्रशासनिक नियमों के तहत भूमि का आधिकारिक स्वामित्व पीडि़ता महिला रामपति मीना को सौंप दिया गया। बुधवार को रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरा होने के बाद दोनो पक्षों ने एक साथ बताया कि पूरा मामला सुलझ गया है, अब श्योपाल मीना द्वारा बोदूराम मीना के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी भी वापस ली जाएगी। इस पूरे पेचीदा और संवेदनशील मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने तथा पीडि़त महिला रामपति मीना को उसका हक व न्याय दिलाने में रामगढ़ पचवारा के प्रमुख समाजसेवी रामखिलाड़ी सत्तावन एवं हीरालाल मीना की विशेष और अहम भूमिका रही। उनके निरंतर प्रयासों और मध्यस्थता से ही दोनों पक्षों के बीच सहमति बन सकी।
