गुरु पूर्णिमा पर शिष्यों ने किया गुरु का चरण वंदन, नवदीक्षा भी दी, विभिन्न आश्रमों में आयोजित हुए गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम

लालसोट. गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। क्षेत्र के सभी आश्रम और मंदिरों में गुरुओं का चरण वंदन कर आशीर्वाद लिया गया। उनको वस्त्र, नारियल व दक्षिणा भेंट की गई। इसके चलते सुबह से ही सभी आश्रम व मंदिरों पर चहल पहल बनी रही। शिष्यों ने गुरुओं से गुरू दीक्षा ली और गुरुओं ने भी आर्शीवाद देते हुए शिष्यों की खुशहाली की कामना की। विधायक रामबिलास मीना ने रालावास गणेश धाम, गांगल्यावास स्थित कंवलदास की बगीची,थूणिधराजपुरा स्थित मीन भगवान मंदिर एवं निर्झरना काली डूंगरी धाम हनुमान मंदिर समेत कई धार्मिक स्थानों पर पहुंच कर संत महात्माओं का आर्शिवाद लिया एवं भंडारों में प्रसादी वितरण भी किया। क्षेत्र बिनोरी गांव स्थित पर्णकुटी आश्रम पर सुबह से ही श्रद्धालुओं एवं शिष्यों ने संत मदनमोहन दास महाराज की चरण वंदना करते हुए उनका आर्शीवाद भी लिया। इस मौके पर आयोजित प्रसादी भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी जीमी। निर्झरना काली डूंगरी रामजानकी धाम पर गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महंत अवधेशदास महाराज की वंदना करते हुए उनका आर्शीवाद भी लिया। यहां पीसीसी सदस्य कमल मीना, बृजमोहन मीना, वल झालानी, अनिल बैनाड़ा, सुदीप मिश्रा, अशोक हट्टिका, सरपंच प्रद्युम्न सिंह, चंदर मीना, मुकेश मीना,प्रकाश निर्झरना, गोविंद गोयल, महेश चांदपुर समेत सैकड़ों जने आर्शीवाद लेने पहुचें। यहां आयोजित भंडारे में 10 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। इसी तरह चौण्डियावास गांव में ढंड वाले हनुमान मंदिर पर आयोजित गुरू पूर्णिमा महोत्सव के मौके पर विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन किया । रामगढ़ पचवारा के नले वाले हनुमान मंदिर में संत रामदास जी महाराज के सानिध्य में, तालेेड़ा जमात स्थित मंहत परमेश्वरदास की बगीची पर संत विजयदास महाराज के सानिध्य में गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया।
