छोटे भाई की मौत के सदमे से बड़े भाई की भी हुई मौत, सवांसा जीएसएस पर छोटे भाई की बिजली के करंट से मौत, सदमे में बड़े भाई ने गांव में तोड़ा दम

लालसोट. उपखण्ड के सवांसा गांव स्थित १३२ केवी जीएसएस पर बिजली लाईन डालते समय करंट से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी जैसे ही अलवर जिले में स्थित मृतक के घर पर पहुंची तो वहां बड़े भाई को गहरा सदमा लगा एवं हार्ट अटैक से उसने भी दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी देते हुए झांपदा थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद नेे बताया कि संवासा जीएसएस से 11 केवी की नई लाइन डाली जा रही थी रविवार को अलवर के कठूमर के तसई गांव के गौरवाली मोहल्ला निवासी कंपनी का कर्मचारी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू (28) पुत्र अतरसिंह नई लाइन पर तार डाल रहा था, इसी दौरान नई लाइन ऊपर से गुजर रही पुरानी बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। पुरानी लाइन में सप्लाई चालू थी, जिसके कारण नई लाइन में भी करंट दौड़ गया, उसकी चपेट में आने से जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। छोटे भाई की मौत का समाचार सुनते ही बड़े भाई प्रकाश चौहान को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। घरवाले प्रकाश को लेकर कठूमर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
