मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का स्वागत, बालिका शिक्षा और शैक्षणिक स्तर सुधारने पर दिया जोर

मंडावरी पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य मीनाक्षी गौतम, सुरेश चंद मीणा, राजकुमार मीणा, संगीता मीणा, मंजू गुप्ता सहित विद्यालय स्टाफ और एसडीएमसी सदस्य राजमल सोनी ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया।
बालिका शिक्षा पर दिया विशेष जोर
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शीला मीणा ने उपस्थित स्टाफ और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बालिका शिक्षा के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक बालिका को शिक्षित करने से पूरा परिवार और समाज जागरूक होता है। महिला सशक्तिकरण और समाज के समग्र विकास के लिए बालिकाओं को उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यालय स्टाफ को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क करें और विद्यालय में बालिकाओं का नामांकन बढ़ाने के लिए प्रयास करें। इसके साथ ही उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षा का स्तर बेहतर करने और छात्राओं के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने पर जोर दिया।
