पुलिस का बड़ा एक्शन: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में 3 दस्तयाब, पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज

लालसोट. जिले के एक थाना क्षेत्र में नाबालिक छात्राओं से छेड़छाड़ एवं बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और अब तक इस वीडियो को वायरल करने वाले तीन आरोपियों को दस्तयाब (हिरासत में) कर लिया है।
दौसा पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और पीड़िता के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा यह वीडियो वर्तमान का नहीं, बल्कि लगभग एक वर्ष पुराना है। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने गहराई से मामले की पड़ताल शुरू की।
पीड़िता के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में प्रकरण (मामला) दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को शीघ्र ही दस्तयाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस की आमजन से अपील: “वीडियो कतई शेयर न करें-
इस संवेदनशील मामले को लेकर दौसा पुलिस ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील की है। पुलिस का कहना है कि
कानून व्यवस्था और मानवीय गरिमा को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स आदि) पर इस आपत्तिजनक वीडियो को कतई वायरल या साझा (शेयर) न करें। ऐसा करना कानूनी रूप से गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
इस मामले में पूरी निष्पक्षता और कड़ाई से कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके।
