लालसोट. रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के कंवरपुरा गांव में खाप पंचायत ने ठोका 21 लाख का जुर्माना, पीडि़त परिवार ने दर्ज कराया मुकदमा

लालसोट. रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के कंवरपुरा गांव में खाप पंचायत के तुगलकी रवैये का बड़ा मामला सामने आया है। खाप पंचायत ने विवाहिता के साथ प्रेम विवाह करने वाले युवक के परिवार पर 21 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोक दिया है। खाप पंचायत के इस फैसले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पंचायत ने विवाहिता के साथ प्रेम विवाह करने वाले युवक के पक्ष पर 21 लाख रुपये का एकमुश्त जुर्माना लगाया है। इसमें शादी का हर्जा-खर्चा और जेवरात की कीमत शामिल बताई जा रही है। पंचायत मेें पंचों ने ऐलान किया है कि भविष्य में यदि किसी अन्य युवक ने ऐसा कदम उठाया, तो उस पर 51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस बीच विवाहिता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा है कि उसकी शादी अप्रैल 2026 में परिजनों ने जबरदस्ती करवाई थी। वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई है। महिला ने प्रताडि़त करने पर उसने आत्मघाती कदम उठाने की भी चेतावनी दी है। वही दूसरी ओर राजस्थान आदिवासी मीना सेवा संघ’ के रामगढ़ पचवारा इकाई के महामंत्री रामभजन मीना ने स्पष्ट किया है कि इस खाप पंचायत का संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। यह कुछ बाहरी पंचों का फैसला है, जिसका राजस्थान आदिवासी मीना सेवा संघ द्वारा कोई समर्थन भी नही है। 13 जुलाई को सामाजिक कुरुतियों को दूर करने के प्रयास के लिए पंचायत का आयोजन किया था, अगले दिन 14 जुलाई को पंचायत आदीवासी मीना सेवा संघ द्वारा आयोजित नही थी। वीडियो वायरल होने के बाद रामगढ़ पचवारा पुलिस हरकत में आ गई है। थानाधिकारी मदनलाल के अनुसार, पीडि़त पक्ष की शिकायत पर 7-8 नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
