दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसों को रोकने के लिए पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई का संयुक्त एक्शन, जेसीबी से ध्वस्त किए 25 अवैध अतिक्रमण, कार्रवाई से मचा हडक़ंप

लालसोट. गत दिनों दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सडक़ हादसे के बाद अब प्रशासन हाइवेंं की सुरक्षा को लेकर चौकन्ना हो गया है। क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी से 25 अवैध अतिक्र्रमण ध्वस्त किए गए साथ ही ढाबे और होटल हटाए गए। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हडक़ंप मच गया। थानाधिकारी पवन कुमार जाट ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा के निकटतम सुपरविजन में वृत्ताधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरानदिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिलर नंबर 214 से लेकर पिलर नंबर 238 के बीच अनधिकृत रूप से बनाए गए 25 अवैध थड़ी, होटल और ढाबे जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त किया गया। ये अवैध निर्माण न केवल यातायात में बाधा बन रहे थे, बल्कि तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे पर होने वाले हादसों का एक प्रमुख कारण भी बन चुके थे। मौके पर लालसोट और रामगढ़पचवारा के तहसीलदार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा। थानाधिकारी ने बताया कि इस दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अवैध निर्माण या कब्जा करने पर कठोर कानूनी और विधिनुकूल कार्रवाई का सामना करने की सख्त हिदायत दी गई। थानाधिकारी ने बताया किहाईवे सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे भी इस तरह के निगरानी और अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहेगा
