लालसोट घाटी में बस की टक्कर से स्कूटी सवार बीएड छात्रा की मौत, एक अन्य छात्रा घायल

लालसोट. शहर की घाटी में मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे मेंं स्कूटी सवार बीएड की एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तूंगा की पीपली वाली ढाणी निवासी बीएड की छात्रा खुशी सैनी पुत्री हनुमान सैनी उम्र 25 वर्ष रामगढ पचवारा स्थित एक निजी कालेज में अध्ययन के बाद एक अन्य छात्रा कल्पना सैैनी पुत्री जगदीश सैनी उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड 25 स्कूटी से लालसोट लौट रही थी, घाटी की ढलान में पीछे आ रही एक निजी बस ने स्कूटी को टक्कर मारते हुए खुशी सैनी को कुचल दिया एवं कल्पना भी स्कूटी से गिरने से घायल हो गई। सूचना मिलने पर दोनो घायल छात्राओं को उपचार के लिए जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया एवं कल्पना को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता हनुमान सैनी ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दी है, जिसे दर्ज किया जा रहा है, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
डिग्री कोर्स के अंतिम दिन खुशी के सपनों को बस ने कुचला
मामले की जानकारी मिलने पर रामगढ पचवारा से पहुंचे निजी बीएड कालेज के शिक्षकों ने बताया कि मृतका खुशी सैनी लालसोट में अपने मामा के परिवार के साथ ही रहती थी। वह बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और मंगलवार को फाइनल प्रेक्टिकल देकर स्कूटी से एक अन्य छात्रा कल्पना के साथ मामा के घर जा रही थी। गत दिनों परीक्षा पूरी होने के बाद सोमवार को ही उसका कालेज में दो साल की डिग्री कोर्स का अंतिम दिन था और जिसके बाद उसे कालेज भी नही आना था, लेकिन इस होनहार छात्रा के शिक्षक बनने के सपनों को एक बस ने कुचला डाला। फाइनल प्रेक्टिकल देकर मामा के घर जा रही थी । जानकारी मिली है कि खुशी का बचपन से ही शिक्षक बनने का ख्वाब था और वह तूंगा में एक निजी विद्यालय में भी अध्यापन कराती थी। पिता तूंगा कस्ब में चाय की दुकान चला कर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। खुशी दो भाईयों के बीच एक ही बेटी थी।
