एशियन पेंट्स साइबर ठगी के मामले एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार, पेंट्स कंपनी के ऐप में सेंध लगाकर 1.72 करोड़ की साइबर ठगी का मामला

लालसोट. जिला पुलिस की साइबर सेल ने एक नामचीन कंपनी एशियन पेंट्स के रिवॉड्र्स प्रोग्राम ऐप में तकनीकी हेरफेर कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एकऔर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं। अब तक गिरफ्तार हुए सभी पांचों आरोपी लालसोट क्षेत्र के ही निवासी है। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को एशियन पेंट्स लिमिटेड के एसोसिएट जनरल मैनेजर स्नेहम्बर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि कंपनी के रिवॉर्ड प्रोग्राम के तहत पेंटर्स को उत्पाद खरीदने पर टोकन के माध्यम से रिवॉड्र्स दिए जाते हैं। आरोपियों ने बिना कोई उत्पाद खरीदे ही ट्रायल एंड एरर पद्धति का इस्तेमाल करते हुए फर्जी तरीके से क्यूआर कोड जनरेट कर लिए और कंपनी को एक करोड़ बहत्तर लाख छियासी हजार दो सौ सत्तानवे रुपए का भारी आर्थिक नुकसान पहुँचाया है। पुलिस ने अब इस मामले में एक आरोपी सोनू सैनी पुत्र हरफूल सैनी उम्र 23 वर्ष निवासी काला कांकरा की ढाणी को गिरफ्तार किया गया है।
