डिडवाना पोस्ट ऑफिस पर जारी धरना जांच अधिकारी के आश्वासन पर अभिकर्ताओं का धरना समाप्त

लालसोट. उपखण्ड के डिडवाना कस्बे के पोस्ट आफिस पर कार्यरत उपडाक पाल के खिलाफ भ्रष्टाचार एवं अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए बीते 18 दिनों से जारी अभिकर्ता एवं ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। विभाग द्वारा भेजी गई जांच अधिकारी के आश्वासन पर अभिकर्ता ओमप्रकाश शर्मा व ग्रामीणों ने 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए समाप्त किया। शुक्रवार को जांच अधिकारी दुलारी मीणा के नेतृत्व में जांच दल डिडवाना पोस्ट ऑफिस पहुंचा, जहां पीडि़त लोगों एवं धरने पर बैठे अभिकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए।जांच अधिकारी ने संबंधित पक्षों से दस्तावेज एवं शिकायतों की जानकारी भी जुटाई। पीडि़तों ने कई साक्ष्य देते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जांच अधिकारी दुलारी मीणा ने धरनार्थियों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ओमप्र्रकाश शर्मा को ज्यूस पिला कर धरना समाप्त कराया। अभिकर्ता ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि अगर 10 दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पुन: आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौैराप मौके पर अभिकर्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष गिरिराज गुप्ता, जिला अध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल, प्रदेश सलाहकार महेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
