स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर बने आत्म निर्भर, लालसोट में नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत

लालसोट. राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के स्थानीय संघ एवं अनुराग सेवा संस्थान के सयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को शहर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बालक बालिकाओं के लिए नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। सीबीईओ सत्यनारायण मीना ने सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं प्रशिक्षण कक्ष का फीता काट कर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीबीईओ मीना ने कहा कि यह स्काउट एवं गाइड संगठन द्वारा युवाओं में अन्तर निहित प्रतिभा एवं कौशल को निखारने एवं आत्मनिर्भर बनाने की पहल है ,अभिरुचि शिविरों के माध्यम से बालक-बालिकाओं में श्रम के प्रति रुचि विकसित होती है, युवा स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्म निर्भर बने। प्रधानाचार्य मदन लाल पारीक ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शिविर प्रभारी महेन्द्र कुमार साहू ने शिविर की जानकारी देते हुए अवगत करवाया कि शिविर में प्रतिभागियों को गायन वादन, क्लासिकल एवं वेस्टर्न डांस, सिलाई कार्य, मेहन्दी कला, ब्यूटी एवं पार्लर प्रशिक्षण दिया जाएगा, सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। छात्रों के लिए अधिकतम आयु सीमा 12 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि छात्राओं के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है। शिविर का संयोजन अनुराग सेवा संस्थान नि:शुल्क किया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा शिविरार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। संचालन स्थानीय संघ सचिव श्रीकांत शर्मा ने किया। इस अवसर पर सुनीता कुमारी , राजेन्द्र प्रसाद, संगीतज्ञ सागर शर्मा, सियाराम शर्मा ने भी विचार प्र्रकट किए।
