देहलाल गांव से लोहे के सरियों से भरी चोरी हुई ट्रॉली 24 घंटे में बरामद, आरोपियों की तलाश जारी

लालसोट. रामगढ़ पचवारा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा किया है । पुलिस ने चोरी हुई लोहे के सरियों से भरी ट्रॉली को बरामद करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि देहलाल निवासी परिवादी दुलीचंद पुत्र मदनलाल ने 12 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 11 मई की रात करीब 12 बजे देहलाल गांव में एक होटल के सामने खड़ी लोहे के सरियों से भरी ट्रॉली को अज्ञात चोर चुरा ले गए थे । पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया । टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चोरों के भागने के रूट का पीछा किया । कड़ी मशक्कत के बाद 12 मई की रात करीब 10 बजे सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र स्थित घाटा नैनवाड़ी में देवनारायण मंदिर की पहाड़ी के पास खाली जमीन से चोरी की गई ट्रॉली बरामद कर ली। उन्होंने बताया कि ट्राली में 11 टन 450 किलो सरिए लदे हुए थे और विशेष टीम में उनके साथ हेड कांस्टेबल रोहिताश चौधरी, हेड कांस्टेबल रामकेश और कांस्टेबल रोहिताश शामिल रहे। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
