नवजीवन हॉस्पिटल में अत्याधुनिक एमआरआई जांच की शुरुआत , मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का मिलेगा लाभ

लालसोट. शहर के गंगापुर रोड़ पर स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में शुक्रवार को जिले की पहली और एकमात्र अत्याधुनिक एमआरआई जांच सेवा की शुरुआत हो गई। पंच दशनाम जूना अखाड़ा अद्वैत संन्यास आश्रम भेडोली के संत नित्यानंदगिरी महाराज ने पूजा अर्चना के बाद एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। इस मौके पर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. भागीरथ मीना, सेवा निवृत बैंक अधिकारी बृजमोहन मीना एवं डॉ. वीरेन्द्र मीना ने संत नित्यानंद गिरी महाराज एवं सेवा निवृत आईएएस बीएम मीना का माला पहना कर अभिनंदन किया। इस मौके पर डॉ. भागीरथ मीना ने बताया कि अत्याधुनिक 1.5 टेस्ला एमआरई मशीन (जीई सिग्ना क्रिएटर) की नई तकनीक के माध्यम से मरीजों को अब उच्च गुणवत्ता वाली जांच अब नवजीवन हॉस्पिटल में नियमित रुप से में उपलब्ध होगी, उन्होंने बताया कि इस तरह की अत्याधुनिक मशीन अब तक सवाई माधोपुर, करौली, गंगापुर सीटी, हिंडोन एवं दौसा में भी उपलब्ध नही है, यहां एमआरआई जांच की सुविधा होने से आम जन की बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता समाप्त होगी और समय व खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन में एआई आधारित तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे जांच अधिक तेज, स्पष्ट और सटीक होती है। यह सुविधा पूरी तरह सुरक्षित, आरामदायक और विश्वसनीय है। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जयपाल सिंह ने बताया कि यह मशीन हाई रिज़ॉल्यूशन इमेजिंग, तेज स्कैनिंग और बेहतर डायग्नोसिस की सुविधा प्रदान करती है, जो गंभीर बीमारियों के सही और समय पर पहचान में बेहद सहायक है। उन्होंने बताया कि नवजीवन हॉस्पिटल की इस पहल से लालसोट सहित आस पास के कई जिले के मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा लाभ मिलेगा।
