लालसोट में कार में पैट्रोल डलवाने के बाद फरार हुआ कार चालक, सेल्समैन पीछा करने पर हुआ चोटिल

लालसोट. शहर में ज्योतिबा फूले सर्किल के पास एक पेट्रोल पंप पर बीती रात एक कार चालक पेट्रोल डलवाने के बाद बिना पैसे दिए फरार हो गया। सेल्समैन ने जब कार का पीछा किया तो वह असंतुलित होकर गिर गया और चोटिल हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। भारतीय पेट्रोलियम के पंप पर एक कार्यरत सेल्समैन शंभू लाल शर्मा ने इस संबंध में रिपोर्ट देते हुए कहा है कि रात्रि करीब 1.30 बजे पाटनी सर्विस स्टेशन पर ड्यूटी पर थे तभी एक कार आई और चालक ने गाड़ी में पेट्रोल भरने को कहा। सेल्समैन ने कार में 3700 रुपए का पेट्रोल भर दिया। जब उसने चालक से पैसे मांगे, तो वह अपनी कार को तेज गति से भगा ले गया। सेल्समैन ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह फिसलकर गिर गया, जिससे उसे चोटें आई हैं।
