चोरों ने मचायी खूब धमाचौकडी, एक रात में चोरी की सात वारदाते, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी

लालसोट. क्षेत्र के भयपुर गांव में बीती रात्रि को अज्ञात चोरों ने सात वारदातों को अंजाम देते हुए वहां से लाखों के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। अज्ञात चोरों ने चार मकान, दो थड़ी व एक मंदिर को अपना निशाना बनाया है। शुक्रवार सुबह जब पीडि़त परिवारों को इन घटनाओं के बारे में पता चला। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश घटनाओं के दौरान चोरों ने घटनाओं के दौरान अन्य कमरों में सो रहे ग्रामीणों के कमरों पर बाहर से कपड़ा बांध कर उन्हे कमरे में ही बंद कर दिया। कई मकानों में चोरों ने सभी सामान बिखेर दिए, जबकि एक-दो मकानों के सामान घरों के पास बिखरे हुए पड़े मिले। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर थानाधिकारी मदनलाल पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे और जायजा लिया। मौके एफएसएल टीम ने भी पहुंच कर साक्ष्य जुटाएं।
