शिव-पार्वती विवाह के प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, शिवजी की बारात निकाली, पुष्प वर्षा के साथ किया स्वागत

लालसोट. शहर की न्यू कॉलोनी में रेस्ट हाउस के पीछे आयोजित शिव महापुराण कथा में मंगलवार को शिव-पार्वती विवाह के प्रसंग पर श्रद्धालु झूम उठे। इस दौरान गाजे बाजे के साथ कालोनी में भगवान शिव की बारात निकाली गई, कथा स्थल पर जब शिव बारात पहुंची तो श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बारात की रौनक और रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान देखते ही बन रहे थे। बारात में कलाकारों ने जीवंत झांकी एवं कई करतब भी प्रस्तुत किए। कथा स्थल पर पैर धुलाई की रस्म ने श्रद्धालुओं की भक्ति को और गहरा किया, तो वहीं कन्या दान के दौरान भावुक क्षणों ने कई लोगों की आंखें नम कर दीं। वृंदावन से आए कथा वाचक नीरज कृष्ण शास्त्री ने शिव& पार्वती विवाह के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह प्रसंग त्याग, तप और आदर्श दांपत्य जीवन का प्रतीक है। कथा के विश्राम पर प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए एवं पूरी कालोनी में धार्मिक उत्साह और आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा।
