लालसोट बौली का बाजार में सार्वजनिक शौचालय जर्जर, दुकानदार, ग्राहक सभी परेशान, नगर परिषद कार्यालय पर दिया ज्ञापन

लालसोट. नगर परिषद की अनदेखी से शहर के बौली बाजार में सार्वजनिक शौचालय जर्जर हालत में पहुंच गया है, शौचालय के जीर्ण-शीर्ण होने से बाजार के दुकानदारों से लेकर ग्राहकों तक सभी परेशान है। इसी परेशानी को लेकर बौली का बाजार क्षेत्र के दुकानदारों ने नगर परिषद कार्यालय पर पहुंच कर एक ज्ञापन सौपा। जाहिद अली, महेश जैन, धनराज जोशी, समुद्र कुमार जैन, कमलेश सैनी, मुकेश कुमार शर्मा, राजेंद्र सैनी, सोनू सैनी, सुनील गुप्ता समेत कई दुकानदारों ने ज्ञापन देते हुए बताया कि सबसे बड़ी समस्या महिलाओं के लिए है, क्योंकि बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार का सुरक्षित व स्वच्छ महिला शौचालय नहीं है, जिससे बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शौचालय की हालत लंबे समय से खराब है और कई बार नगर परिषद प्रशासन को पूर्व में भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है। ज्ञापन में कहा है कि तत्काल सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए।
