डॉ प्रेम प्रकाश मीणा ने जीता काँस्य ,टीम वुडबॉल इंडिया ने 13वें एशियन कप वुडबॉल चैम्पियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन,7वें इंडोनेशिया ओपन में झटके 2 मेडल

राजस्थान के अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ प्रेम प्रकाश मीणा की कप्तानी में खेल रही टीम वुडबॉल इंडिया ने 13वें एशियन कप वुडबॉल चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उपस्थिति दर्ज कराई।बिना मेडल के ख़त्म हुए इस सफ़र की भरपाई भारतीय टीम ने 7वें इंडोनेशिया ओपन में 2 मेडल जीतकर की ।
भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने टीम इवेंट श्रेणी में काँस्य जबकि सिंगल श्रेणी में सिल्वर जीतकर सराहनीय सफलता हासिल की और अपनी मेहनत, लगन एवं खेल के प्रति समर्पण से यह साबित किया कि भारत वुडबॉल खेल में भी तेजी से उभरती हुई ताक़त है।टीम इवेंट में काँस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में डॉ प्रेम प्रकाश मीणा (कप्तान),विश्वराज परमार,ललित डांगी,रितेश यतु गवास और राठवा जयराज हैं जबकि सिंगल्स में भरत कुमार ने सिल्वर जीतकर भारतीय टीम का गौरव बढ़ाया ।
डॉ प्रेम प्रकाश मीणा दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित लक्ष्मीबाई कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और भारत सरकार के मिशन फिट इंडिया में ब्रांड एम्बेसडर भी है ।
टीम वुडबॉल इंडिया के अधिकारी एडवोकेट सुदीप मानवाटकर ने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और भरोसा जताया कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत और भी ऊँचाइयाँ छुएगा।
यह उपलब्धि न केवल भारतीय खेल जगत के लिए गर्व की बात है बल्कि यह देशभर के युवा खिलाड़ियों को वुडबॉल जैसे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेगी।
