हेमल्यावाला सरकारी स्कूल के शिक्षक की पहल, मेधावी छात्राओं संग उनकी माताओं ने भी किया हवाई सफर

लालसोट. शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के हेमल्यावाला गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली है। विद्यालय में इतिहास विषय के व्याख्याता गिर्राज हमीरपुरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ-साथ उनकी माताओं को भी हवाई सफर का अविस्मरणीय उपहार दिया। व्याख्याता गिर्राज हमीरपुरा पिछले पांच वर्षों से लगातार 91 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को अपने निजी खर्च पर हवाई यात्रा करा रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने अपनी इस पहल को और विस्तार देते हुए तीन प्रतिभावान छात्राओं—अनन्या मीणा, नेहा लोटन और निरमा लोटन के साथ उनकी माताओं को भी इस यात्रा में शामिल किया।
