शुभमन गिल टेस्ट मैच में दोहरा शतक और शतक जड़ने वाले भारत के पहले और दुनिया के दूसरे कप्तान बने। गिल के अलावा ऐसा कारनामा इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्राहम गूच ही कर पाए हैं। गूच ने 1990 में भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में तिहरा शतक और शतक ठोका था। गूच ने 333 और 123 रन की पारी खेली थी। गिल से पहले 8 बल्लेबाज टेस्ट मैच में शतक और दोहरा शतक जड़ चुके हैं। इनमें लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर भी शामिल हैं। बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक ठोकने के बाद गिल ने दूसरी पारी में शतक ठोका और इतिहास रच दिया।
गावस्कर–कोहली के क्लब में शामिल
शुभमन गिल टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले भारत के तीसरे कप्तान बने। इससे पहले सुनील गावस्कर और विराट कोहली ने ऐसा किया था। गिल से पहले 7 भारतीय बल्लेबाज दोनों पारियों शतक जड़ चुके हैं। पिछले ही मैच में ऋषभ पंत ने यह कारनामा किया था। वह इंग्लैंड में दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने थे।