लालसोट में 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की शुरुआत, गाजे-बाजे के साथ निकाली मंगल कलश यात्रा




लालसोट। अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा के तत्वाधान में शुक्रवार से नगर में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के बीच 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ विधिविधान के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मंगल कलश यात्रा से हुई, जिसमें गाजे-बाजे की धुनों पर सैकड़ों श्रद्धालु झूमते दिखाई दिए। वातावरण गायत्री मंत्रों और जयकारों से गूंज उठा।
कलश यात्रा में 2100 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर आकर्षक शोभायात्रा निकाली, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल अशोका एवन्यू पहुंची। महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा और अनुशासित पंक्तियों ने दृश्य को अत्यंत मनमोहक बना दिया। कलश यात्रा करीब 2 किलोमीटर लंबी थी जिसमें आकर्षक जीवंत झांकियां की भी प्रस्तुति दी गई।
यज्ञ स्थल पर स्थापित 51 कुंडों पर आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रथम सत्र का अनुष्ठान आरंभ किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा के प्रवक्ता ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आध्यात्म का माहौल व्याप्त हो गया।
