लालसोट में साहित्यकार सम्मान समारोह, अच्छा साहित्य समाज में पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाता है : राज्यपाल
राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से चयनित 31 साहित्यकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया

दौसा, 20 दिसंबर। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि अच्छा साहित्य समाज में पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाता है और विद्रूपताओं को मिटाता है। राज्यपाल शनिवार को जिले के लालसोट में अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि साहित्य को समाज का दर्पण कहा गया है, जो समाज को नई दिशा एवं सोच देता है। यह समाज को सोचने पर मजबूर करता है। उन्होंने साहित्य के भाव को स्पष्ट करते हुए कहा कि साहित्य में सबका हित निहित होता है। इसका मूल तत्व सबका हित साधना है। उन्होंने कबीर एवं रहीम के साहित्य के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से समाज सुधारने का संदेश दिया, जो रूढ़ियों एवं बुराइयों का प्रतिकार करता है। उन्होंने मैथिली शरण गुप्त एवं वाल्मीकि की ओर से साहित्य के माध्यम से समाज को दिए योगदान का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी से पहले विदेशियों ने हमारे देश का काफी झूठा इतिहास भी लिखा है, जिसे सुधारने की जरूरत है। उन्होंने इसे आधुनिक साहित्यकारों की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि आप ऐसे विकृत इतिहास को खोजें और सुधारें। उन्होंने कहा कि साहित्यकार का नैतिक दायित्व है कि वह नया साहित्य और नई संस्कृति की दृष्टि दें।
राज्यपाल ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही पिछड़े, जनजाति एवं घुमंतू वर्ग के लोग बराबरी के स्तर पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में नई शिक्षा नीति सबको आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि हमारा देश दुनिया में अग्रणी बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 29 देशों ने अपना सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया है। इससे स्पष्ट है कि भारत विश्व गुरु एवं विश्व का नेता है। उन्होंने इसमें साहित्यकारों से भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान की ओर से पौधारोपण तथा भोजन एवं कंबल वितरण जैसे अनेकों पुण्य कार्य किए जा रहे हैं, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि लालसोट विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में 10-10 लाख रुपए की लागत से गौ शालाएं बनाने का कार्य किया जा रहा है।
इससे पूर्व राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं अन्य अतिथियों ने अनुराग सेवा संस्थान के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित अखिल भारतीय अनुराग साहित्य अलंकरण समारोह में विभिन्न राज्यों से चयनित 31 साहित्यकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के आगमन पर जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार एवं जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने स्वागत कर अगुवानी की। पुलिस टुकड़ी ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस अवसर पर लालसोट नगर परिषद सभापति पिंकी चतुर्वेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, कैलाश चंद एवं रमेश कुमार पारीक सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, साहित्यकार एवं नगरवासी उपस्थित थे।
