लालसोट जिला चिकित्सालय में 13 चिकित्सक समेत 27 कार्मिक मिले नदारद, एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

लालसोट. उपखण्ड अधिकारी विजेन्द्र कुमार मीना ने शनिवार सुबह 9.30 बजे राजकीय जिला हॉस्पिटल औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में 13 चिकित्सकों समेत कुल 27 कार्र्मिक नदारद मिले। जब एक साथ 13 चिकित्सकों समेत 27 कार्मिकों की गैर हाजरी के बारे में एसडीएम ने पूछा तो बताया कि 14 कर्मचारी अवकाश पर है,जिस पर एसडीएम ने पीएमओ डॉ. राजकुमार सेहरा को एक साथ इतने कर्मचारियो को छुट्टी स्वीकृत नहीं करने का निर्देश दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी ने पीएमओको मौके पर बुलाकर सम्पूर्ण अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केन्द्र तथा रजिस्ट्रेशन काउण्टर पर नियमित रूप से पर्याप्त स्टॉफ लगाने,पीएनसी पैडियाट्रिक वार्ड के निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर मौके पर संवेदक को बुलाकर नियमित रूप से समय पर सफाई करवाने कहा तथा सफाई व्यवस्था दुरस्त नहीं किये जाने पर पीएमओ को संवेदक का टेण्डर निरस्त करने के निर्देश दिये। इस दौरान पीएमओ ने अस्पताल परिसर में नेटवर्क की समस्या बताई तथा टॉवर के लिए बिजली कनेक्शन करवाने के लिए कहा जिस पर उपखण्ड अधिकारी ने डिमाण्ड राशि जमा किये जाने पर तुरन्त बिजली कनेक्शन करने के लिए विद्युत निगम के सहायक अभियंता को पाबंद किया। उपखण्ड अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान वार्ड में भर्ती मरीजो से सुविधाओं व कार्मिकों के रवैये के बारे में बात की। उपखण्ड अधिकारी ने प्रत्येक डाक्टर व कर्मचारी को समय पर अस्पताल पहुंचने व मरिजो के साथ नम्र स्वभाव रखने के निर्देश दिए।
