स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

पीएमओ डॉ. राजकुमार सेहरा ने बताया कि जनजातीय समाज के अधिकारों और उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया।
इस वर्ष उनकी जयंती को 150 वर्ष पूर्ण होने पर विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविरों का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके निकटतम स्थान पर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा प्रदान करना है। आज राजकीय जिला चिकित्सालय लालसोट में आयोजित शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी जांच, विभिन्न बीमारियों का उपचार, दवा वितरण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया।
अस्पताल के उप नियंत्रक डॉ अनुराग दैमन ने बताया कि आज शिविर में लाभान्वितों की संख्या 1147 रही। आज शिविर में आने वाले रोगियों को निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की गई। 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी रोगियों की एनसीडी स्क्रीनिंग एवं काउंसलिंग की गई। इसके साथ टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता बढ़ाने और संभावित लक्षणों वाले रोगियों की स्क्रीनिंग व जांच की गयी । 80 गर्भवती महिलाओं के एएनसी चेकअप और शिशुओं का टीकाकरण भी आज शिविर का प्रमुख हिस्सा रहा।
शिविर में डॉ लक्ष्मीचंद, डॉ ऊमाशंकर, डॉ देवेश , डॉ मनीष, डॉ इंद्रजीत, डॉ विष्णु , नर्सिंग ऑफ़िसर पूनम,अंकिता, सुनीता, विनोद सहित समस्त स्टाफ़ मौजूद रहा।
बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ जनकल्याण और सामाजिक उत्थान के संदेश को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहें है ।
