गंगापुर रोड पर सफाई व्यवस्था को लेकर उपखंड अधिकारी ने लिया संज्ञान


उपखंड अधिकारी लालसोट विजेंद्र कुमार मीणा द्वारा गुरुवार को गंगापुर रोड, लालसोट पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी “मांडन होटल” के सामने खड़े रहकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर ही नगर परिषद लालसोट के आयुक्त एवं कनिष्ठ अभियंता को बुलाकर, क्षेत्र में व्याप्त गंदगी को तत्काल साफ करवाने के निर्देश दिए।
SDM द्वारा पूर्व में भी नगर परिषद आयुक्त को मौखिक रूप से कई बार सफाई कार्य करवाने हेतु निर्देशित किया गया था, किन्तु इस संबंध में कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई थी। इसके परिणामस्वरूप बरसात के मौसम में नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण, गंगापुर रोड पर थोड़ी सी वर्षा में ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।
इस गंभीर स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए, उपखंड अधिकारी ने आज मौके पर रहकर स्वयं सफाई कार्य की निगरानी की, तथा उपलब्ध संसाधनों से सफाई कार्य को सुचारू रूप से प्रारंभ करवाया। उन्होंने नगर परिषद को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होनी चाहिए एवं नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं की उपेक्षा किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है, और लापरवाही करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
