राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालसोट में आज राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों और स्काउट रोवर रेंजर के संयुक्त तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।


रैली को रवाना करते हुए प्राचार्य डॉ सुभाष पहाड़िया ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ आज़ादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में एक अभियान है जिसका उद्देश्य लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की आज़ादी के महापर्व के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। एक राष्ट्र के रूप में सामूहिक रूप से झंडे को घर लाना न केवल तिरंगे से व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। इस पहल के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है। प्रोफेसर डॉ पी एम मीना ने कहा कि हर घर तिरंगा’ अभियान एक जन आंदोलन बन गया है, जिसमें हर कोई एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक, पूरे देश में लोग तिरंगा फहरा रहे हैं और हमारे देश के लिए बहादुरी से लड़ने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। इस अभियान ने युवाओं और बच्चों को विशेष रूप से प्रभावित किया है और उन्हें भारत के स्वतंत्रता संग्राम की यादों को संजोने के लिए प्रोत्साहित किया है। कार्यक्रम अधिकारी लोकेश कुमार मीना ने बताया कि छात्र- छात्रा और महाविद्यालय स्टाफ हाथों में तिरंगा लहराते हुए और देशभक्ति के नारे लगाते हुए महाविद्यालय परिसर से जमात चौराहे तक रैली के रूप में आए और वापस महाविद्यालय परिसर में रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री राकेश कुमार मीना, सुश्री भारती चतुर्वेदी, सह आचार्य श्री हनुमान प्रसाद मीना, डॉ एच के सिंह, सहायक आचार्य डॉ जितेन्द्र कुमार बैरवा, श्रीमती प्रिया भारती शर्मा, डॉ मोहन लाल खटीक, श्रीमती कांता मीना, रोवर लीडर राम भरोसी बैरवा, रेंजर लीडर श्रीमती साक्षी मीना, सहायक आचार्य सुश्री गायत्री पांडिया, सुश्री डॉ नेहा राघव सहित सभी अधिकारी कर्मचारी एवम् छात्र – छात्रा उपस्थित रहे।
