झांपदा में चाय बनाते समय भभका गैस सिलेण्डर
जिंदा जली पांच बकरियां, वृद्ध दंपति ने भाग कर बचाई अपनी जान

लालसोट. झांपदा थाना क्षेत्र केे बाढ़ प्रेमपुरा गांव में शुक्रवार तडक़े चाय बनाते समय एक गैस सिलेण्डर भभकने से छप्परपोश में आग लग गई इस घटना में छप्पर के भीतर बंधी पांच बकरियां जिंदा जल गईं, जबकी अंदर ही सो रहे दंपती ने भागकर अपनी जान बचाई,आग मेंं करीब साढे पांच लाख का नुकसान हुआ है। घटना तडक़े लगभग 3 बजे 70 वर्षीय मेवा राम मीना पुत्र भागल्या मीना के छप्परपोश में हुई। आग लगने के बाद छप्पर धू-धू कर जलने लगा। मेवा राम मीना और उनकी पत्नी भी छप्परपोश के अंदर मौजूद थे। आग का पता चलते ही वे तुरंत बाहर भागे और अपनी जान बचाई। आसपास के ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन आग में पांच बकरियां जिंदा जल कर मर गई, इसके अलावा वहां मौजूद अनाज व घरेलू सामान भी जल कर राख हो गया। आग की सूचना पर झांपदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मृत बकरियों का पशु चिकित्सक द्वारा पॅास्टमार्टम करवाया गया। घटनास्थल पर पहुंचे पटवारी ने मौका रिपोर्ट तैयार की।
